सीतामढ़ी में भव्य मतदाता जागरूकता रैली

सीतामढ़ी में भव्य मतदाता जागरूकता रैली
जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ
🎯 मतदान है अधिकार और कर्तव्य
सीतामढ़ी | आगामी 11 नवंबर 2025 को होने वाले बिहार विधानसभा आम निर्वाचन को लेकर जिले में अधिकतम मतदाता सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु आज भव्य मतदाता जागरूकता रैली आयोजित की गई। जिलाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री रिची पांडेय ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
🎯 युवा और स्वयंसेवकों ने दिखाया उत्साह
रैली में बड़ी संख्या में युवा मतदाता, विद्यार्थी, शिक्षक और स्वयंसेवक शामिल हुए। रैली जिलाधिकारी आवास से शुरू होकर समाहरणालय, स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया, अनुमंडल कार्यालय, कुमार चौक रोड होते हुए पुनः डीएम आवास के निकट संपन्न हुई। प्रतिभागियों ने “शत-प्रतिशत मतदान, सीतामढ़ी का अभियान” और “पहले मतदान, फिर जलपान” जैसे नारों से आमजन को मतदान के लिए प्रेरित किया।
🎯 जिला निर्वाचन पदाधिकारी की अपील
श्री रिची पांडेय ने कहा — “मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। प्रत्येक वोट लोकतंत्र को मजबूत बनाता है। युवाओं, महिलाओं और प्रथम बार मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी इस अभियान की सबसे बड़ी शक्ति है। 11 नवंबर को सभी मतदाता निडर होकर अपने मतदान केंद्र जाएँ और अपना मत दें।”
📌 उपस्थित अधिकारी: जिला जन संपर्क अधिकारी एवं नोडल पदाधिकारी स्वीप कोषांग कमल सिंह, डीपीएम आशा, एस. एन. वर्मा, पंकज सिंह सहित अन्य अधिकारी।

